मौदहा हमीरपुर – शासन के निर्देश पर मनोनीत सभासदों के पद एवं गोपनीयता की शपथ का कार्यक्रम सोमवार को होना था, लेकिन नगर पालिका परिषद मौदहा में सभासदों द्वारा बहिष्कार किए जाने से यह टल गया था। अधिकारियों के मान-मनौव्वल के बाद गुरुवार को कार्यक्रम का आयोजन कर शपथ दिलाई गई। गुरुवार को पूर्व निर्धारित समय पर आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक मनोज कुमार प्रजापति की मौजूदगी में उपजिलाधिकारी करणवीर सिंह ने पांच मनोनीत सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में राकेश सुहाने, संतोष कुमार गुप्ता, प्रमोद वर्मा, बृजेश तिवारी और अभय सिंह शामिल रहे। बताते चलें कि सोमवार को जनपद के अन्य नगर पालिका और नगर पंचायतों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हो गया था, लेकिन मौदहा में सभासदों ने अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया था। इसके बाद अधिकारियों द्वारा समझाने-बुझाने पर गुरुवार को विधि-विधान पूर्वक कार्यक्रम संपन्न कराया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इनमें मुकेश पालीवाल, रामदेव सिंह, जगदीश प्रसाद व्यास, बालवीर गोस्वामी,सुबोध गुप्ता,छोटेलाल प्रजापति, उत्तम सिंह,नीरज अनुरागी तथा नगर मंडल अध्यक्ष अनूप सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे।















