मौदहा हमीरपुर – उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदर्शन कर बिजली विभाग को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। आप जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में हुए विरोध में कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर को “डिजिटल लूट” बताते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर योजना से उपभोक्ताओं को राहत के बजाय आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बैलेंस खत्म होते ही बिजली तुरंत कट जाती है, जबकि रिचार्ज के बाद भी आपूर्ति बहाल होने में घंटों लगते हैं। साथ ही गलत बिलिंग और तेजी से बैलेंस खत्म होने की शिकायतें बढ़ी हैं। नगर अध्यक्ष गुलाम मोहम्मद ने स्मार्ट मीटर परियोजना में पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने योजना को बंद करने, पूरे प्रोजेक्ट की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान त्रिलोक चन्द्र, आदित्य प्रजापति, मोहित गुप्ता, दिलीप कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।















