राठ (हमीरपुर)। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन (सम्बद्ध उत्तर प्रदेश वैश्य महासम्मेलन) की महिला इकाई में संगठन विस्तार के तहत संगीता गुप्ता को हमीरपुर जनपद का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष मिथलेश अग्रवाल एवं प्रदेश अध्यक्ष नीरज बोरा की संस्तुति पर किया गया। जारी मनोनयन पत्र में कहा गया है कि संगीता गुप्ता की समाज के प्रति निष्ठा, सामाजिक कार्यों में सक्रियता, लगन एवं समर्पण भावना को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में वैश्य समाज में एकजुटता, प्रेम, भाईचारा एवं सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूती मिलेगी। साथ ही उनसे कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह, दहेज प्रथा, अशिक्षा, भ्रष्टाचार जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा देने की अपेक्षा की गई है। संगठन ने उन्हें जिला महिला इकाई का गठन कर संगठन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी भी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष मिथलेश अग्रवाल ने शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि संगीता गुप्ता के नेतृत्व में वैश्य समाज नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी.















