*सुमेरपुर(हमीरपुर)* – सुमेरपुर कस्बा क्षेत्र में 29 मई को आई भीषण आंधी-तूफान ने जहां जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं बेजुबान परिंदों पर भी कहर बरपाया। सोशल मीडिया पर एक मार्मिक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दर्जनों तोते पेड़ों से गिरकर बेसुध और घायल अवस्था में जमीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सुमेरपुर थाना क्षेत्र स्थित हिंदुस्तान लीवर फैक्ट्री परिसर का है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पिछले कुछ दिनों से लगातार बिगड़े मौसम के कारण हजारों पक्षियों के घोंसले नष्ट हो गए हैं। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेज आंधी के बाद बड़ी संख्या में तोते जमीन पर तड़पते नजर आए। कई पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनेक घायल अवस्था में मिले। घोंसलों में रहने वाले नवजात तोतों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री परिसर में पेड़ों पर बड़ी संख्या में तोतों का बसेरा था। आंधी के बाद परिसर में जगह-जगह घायल और मृत पक्षी दिखाई दिए। यह दृश्य इतना भावुक कर देने वाला था कि वहां मौजूद फैक्ट्री कर्मचारियों की आंखें नम हो गईं। कई कर्मचारियों ने घायल पक्षियों को बचाने और उनका उपचार कराने का प्रयास किया। जीवित बचे तोतों को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि मृत पक्षियों को सम्मानपूर्वक दफनाया गया।















