*मौदहा(हमीरपुर)* – अपर पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को बिवांर थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, लॉकअप, अपराध रजिस्टर, महिला हेल्पडेस्क, साइबर हेल्पडेस्क, विवेचना कक्ष, ई-मालखाना और सीसीटीवी प्रणाली की जांच की गई। एएसपी ने अभिलेखों की अद्यतन स्थिति का परीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर महिला एवं साइबर हेल्पडेस्क को अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन को हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल के प्रति जागरूक करने को कहा गया। एएसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों का निष्पक्ष और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।















