संवादाता शादमान
संडीला (हरदोई)। ग्राम मीर नगर अजिगवां, तहसील संडीला स्थित विवादित भूमि गाटा संख्या 2008 पर प्रस्तावित हेलीपैड निर्माण कार्य को लेकर भारतीय किसान यूनियन (धरतीपुत्र) के प्रदेश अध्यक्ष रफीक लम्बू के नेतृत्व में किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। धरने के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि उक्त भूमि का मामला माननीय न्यायिक उपजिलाधिकारी, संडीला के न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद वहां हेलीपैड निर्माण की तैयारी की जा रही थी। किसानों ने मांग की कि न्यायालय के अंतिम निर्णय तक भूमि पर किसी प्रकार का निर्माण कार्य न कराया जाए। धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही संडीला पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। प्रशासन की ओर से किसानों को आश्वासन दिया गया कि विवादित भूमि पर 3 जुलाई तक कोई निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा तथा न्यायालय के निर्णय और कानूनी प्रक्रिया का सम्मान किया जाएगा। प्रशासन के आश्वासन के बाद भारतीय किसान यूनियन (धरतीपुत्र) के प्रदेश अध्यक्ष रफीक लम्बू ने किसानों के साथ चल रहा धरना-प्रदर्शन स्थगित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में प्रशासन अपने आश्वासन का पालन नहीं करता है तो किसान संगठन आगे की रणनीति तय करेगा। धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।










