– बाबा सत्यनारायण के स्वागत में उमड़ेगा जनसैलाब
– पत्रकारों से बातचीत करते समिति के पदाधिकारी।
फतेहपुर। जिले की पावन धरा पर आगामी एक फरवरी को एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक और वैचारिक समागम होने जा रहा है। शिवाजी बस्ती स्थित ऐतिहासिक तांबेश्वर मंदिर के नंदी प्रांगण में आयोजित होने वाले विराट हिंदू सम्मेलन को लेकर भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीपीएस सभागार में आयोजित बैठक के दौरान आयोजन समिति ने इस समागम की रूपरेखा साझा करते हुए दावा किया कि कार्यक्रम में जिले भर से कई हजार लोगों की भारी भीड़ एकत्रित होगी। सम्मेलन के मुख्य आकर्षण अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हिंदू हृदय सम्राट और अलौकिक प्रतिभा के धनी बाबा सत्यनारायण होंगे। श्री राम मंदिर आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले बाबा सत्यनारायण एक प्रख्यात चित्रकार, कवि, गायक और वक्ता हैं। वे अपनी ओजस्वी शैली के माध्यम से जिले के जनमानस को सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देंगे। सम्मेलन की सबसे अनूठी विशेषता बाबा सत्यनारायण द्वारा मंच पर की जाने वाली लाइव चित्रकारी होगी। वे अपनी अलौकिक कला के माध्यम से वक्तव्य के दौरान ही कैनवास पर राष्ट्रवाद और अध्यात्म के रंगों को उकेरेंगे। स्वामी विज्ञानानन्द महाराज की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन का शुभारंभ रविवार दोपहर 12 बजे होगा। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशप्रेम से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके उपरांत मुख्य अतिथि बाबा सत्यनारायण अपनी कला और आशीर्वचनों से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। समिति के अध्यक्ष सुधांशु श्रीवास्तव, संरक्षक राकेश श्रीवास्तव और व्यवस्था प्रमुख अरविंद पाल सिंह ने बताया कि सम्मेलन को लेकर आम जनमानस में भारी उत्साह है। पदाधिकारियों ने जिले के सभी प्रबुद्ध जनों, माताओं-बहनों और युवाओं से इस दिव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसे सफल बनाने का विशेष निवेदन किया है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष मयूर गुप्ता, रीता सिंह तोमर, महामंत्री धीराज राठौर, सुधीर सिंह, प्रसून तिवारी सहित आयोजन समिति के अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।















