- निताशा और महक सहित 6 का जनपद स्तर के लिए चयन
कानपुर देहात। राजपुर में ब्लॉक स्तरीय कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विकासखंड के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कुल 30 बच्चों और शिक्षकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के बाद उच्च प्राथमिक स्तर पर निताशा और प्राथमिक स्तर पर महक सहित कुल 6 प्रतिभागियों का जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। एक घंटे की इस प्रतियोगिता में बच्चों ने नारी सशक्तिकरण, स्वच्छता, पर्यावरण प्रदूषण और बाल विवाह जैसे विषयों पर पेंटिंग, स्केचिंग और रंगोली का प्रदर्शन किया। इसके बाद शिक्षकों के लिए 30 मिनट की अलग प्रतियोगिता आयोजित की गई। उच्च प्राथमिक स्तर पर संविलियन विद्यालय करियापुर डेरा की छात्रा निताशा और प्राथमिक स्तर पर संविलियन विद्यालय डुबकी की छात्रा महक को जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया। संविलियन विद्यालय डेराकरीमनगर की कक्षा 4 की छात्रा निशा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय का मान बढ़ाया। शिक्षकों में प्राथमिक स्तर पर कीर्ति पोरवाल (प्रा वि अफसरिया की मड़ैया) और हिमानी गुप्ता (संविलियन विद्यालय राजपुर) का चयन हुआ। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर पर अपर्णा सिंह (संविलियन विद्यालय विजहरा) और मंजू देवी (उच्च प्रा. वि. पिचौरा) को जनपद स्तर के लिए चुना गया। खंड शिक्षा अधिकारी अशोक सिंह ने बच्चों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान राजपुर के एआरपी प्रदीप निरंजन, शोमिल कटियार, महेंद्र सिंह, अखिलेश कटियार, अंशुल गुप्ता, नोडल संकुल मिस्बाह-उल-हक, दीपक वर्मा, विनोद कटियार, अतुल गुप्ता, कृष्ण चंद्र, मो. साहिबा, हिमानी गुप्ता, अपर्णा सिंह, कीर्ति पोरवाल, अतुल पाल और तृप्ति सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।















