*संवाददाता- जाकिर अली*
गोरखपुर। लखनऊ/गोण्डा: कर्तव्य पथ पर अपनी जान की बाजी लगाने वाले सिपाही के पीछे आज पूरा पुलिस महकमा चट्टान की तरह खड़ा नजर आया। गोण्डा जीआरपी थाने में तैनात आरक्षी आकाश सिंह, जो एक अपराधी को पकड़ने के प्रयास में ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, उनके परिवार को संबल देने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने मिसाल पेश की है।
आज डीजी रेलवे श्री प्रकाश डी. और आईजी रेलवे श्री आर.के. भारद्वाज की उपस्थिति में आरक्षी की पत्नी को ₹16,02,000 (सोलह लाख दो हजार) की आर्थिक सहायता राशि सौंपी गई। यह राशि किसी सरकारी फंड से नहीं, बल्कि जीआरपी गोरखपुर और लखनऊ अनुभाग के पुलिसकर्मियों ने अपने स्वेच्छा से वेतन काटकर जमा की है। बता दें कि 1 अप्रैल की रात आकाश सिंह ने अपनी सुरक्षा की परवाह न करते हुए भागते हुए संदिग्ध का पीछा किया था। फिलहाल उनका इलाज लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। अधिकारियों ने आकाश के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।















