हमीरपुर – अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की जिला अध्यक्ष अलका द्विवेदी (राठ विधानसभा) ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे बड़े-बड़े वादे जमीनी स्तर पर खोखले साबित हो रहे हैं और किसान आज भी अपनी फसल का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।अलका द्विवेदी ने बताया कि मंडियों में गेहूं समेत अन्य फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से कम दाम पर बेची जा रही हैं। वहीं, सरकारी खरीद केंद्रों की कमी के चलते किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में किसान मजबूरीवश अपनी उपज बिचौलियों और निजी व्यापारियों को औने-पौने दामों पर बेचने को विवश हैं।उन्होंने आगे कहा कि खाद, बीज और डीजल की बढ़ती कीमतों ने किसानों की लागत को काफी बढ़ा दिया है, लेकिन इसके मुकाबले उन्हें फसल का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इससे किसानों में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है और वे अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हो रहे हैं।अलका द्विवेदी ने सरकार से मांग की कि किसानों की पूरी फसल की खरीद MSP पर सुनिश्चित की जाए और अधिक से अधिक खरीद केंद्र स्थापित किए जाएं। साथ ही उन्होंने अपील की कि सरकार गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं को सुने और उनका शीघ्र समाधान करे। उन्होंने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है, इसलिए उसे उसका हक मिलना बेहद जरूरी है।















