फतेहपुर। जनपद के थरियांव थाने पर शुक्रवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में गुलाबी वेशभूषा में सैकड़ों महिलाएं प्रदर्शन के लिए थाने पहुंचीं। औराई गांव की युवती खुशबू की मौत को लेकर आक्रोशित महिलाओं ने त्वरित न्याय और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए पुलिस कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई होना आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि मामले में पहले संज्ञान लिया गया होता, तो दुखद घटना टाली जा सकती थी। संगठन की ओर से पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) थरियांव के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर दंडात्मक कार्रवाई तथा जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। ज्ञापन प्राप्त करने के लिए थाने पर पहुंचीं नायब तहसीलदार ने संगठन को आश्वस्त किया कि मांगों को शासन स्तर तक प्रेषित कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही कराई जाएगी। हेमलता पटेल ने चेतावनी दी कि यदि मामले का शीघ्र निस्तारण कर न्याय नहीं दिलाया गया, तो संगठन पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पर वृहद आंदोलन करेगा। प्रदर्शन में संगठन की पदाधिकारी, बड़ी संख्या में महिलाएं और पीड़ित परिजन मौजूद रहे।















