कानपुर देहात। ईद को लेकर बाजार गुलजार होने लगे हैं। ईद नजदीक आते ही रोजेदारों ने खुशियाँ मनाने की तैयारी तेज कर दी है। बाजारों में देर रात तक जमकर खरीदारी हो रही है। बाजारों में सजी रेडीमेड कपड़ों, सेवइयों, जूते-चप्पल की दुकानों पर खरीदार पहुंचने लगे हैं। इसके चलते दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं। माह- ए- रमजान का महीना रोजेदारों से रुखसत हो रहा है। बुद्धवार को 28 रोजे मुकम्मल हो गये। इसी के साथ ईद नजदीक आने से खरीदारी में तेजी आ गई। बाजार में कपड़ों की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है। नई डिजाइन के कुर्ता-कुर्ती पायजामा, पठानी सूट, बच्चों के फैंसी कपड़े और महिलाओं के सूट-दुपट्टों की अच्छी रेंज ग्राहकों को आकर्षित कर रही है। सिकन्दरा, राजपुर, संदलपुर, रसधान, शाहजहांपुर के बाजारों में जमकर खरीदारी हो रही है। जूते-चप्पल, चूड़ी, इत्र और टोपी की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ जुट रही है। युवतियों को अफगानी सूट और शरारा पसंद आ रहे हैं। रेडीमेड कपड़ों में युवा वर्ग नये डिजाइन और ट्रेडिंग स्टाइल के कपड़ो को लेकर काफी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। बाजारों में रेडीमेड दुकानों में सबसे अधिक भीड़ नजर आ रही है। बच्चों और महिलाओं के लिए नए ट्रेंड के कुर्ता-कुर्ती की मांग अधिक है। दुकानदारों ने बताया कि इस बार रेडीमेड कपडों की मांग अधिक है। विशेष रूप से युवा पीढ़ी फैशन और स्टाइल को लेकर अधिक जागरूक है। दुकानदारों का अनुमान है कि ईद के एक दिन पहले तक बाजार में भीड़ और बढ़ सकती है। ईद को लेकर घरों में कई प्रकार के व्यंजन तैयार होना शुरू हो गए हैं। इसमें सेंवई खास होती है। सेंवई के साथ ही फलों, नमकीन, सूखे मेवे की दुकानों में खरीदारों की भीड़ लग रही है।बाहरी जिलों से भी सेंवइयां आ रही हैं। लोगों का कहना है कि पहले होली और फिर ईद का त्योहार होने से महंगाई काफी बढ़ गई है। सेंवई, कपड़े आदि महत्वपूर्ण सामानों के दामों में काफी उछाल आया है।















