सुमेरपुरहमीरपुर)- नेशनल हाईवे-34 पर देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती बुलेरो गाड़ी अचानक आग का गोला बन गई। घटना थाना सुमेरपुर क्षेत्र के कुंडौरा गांव के पास की है, जहां गाड़ी में सवार तीन लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली। पुलिस के अनुसार, 6 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे थाना सुमेरपुर पुलिस और डायल 112 को सूचना मिली कि एक चार पहिया वाहन में आग लग गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, पीआरवी 112 और दमकल टीम मौके पर पहुंची और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जांच में पता चला कि बुलेरो में सवार विवेक यादव, रामरूप उर्फ अजय (चालक) और शिपू निवासी भटपुरा, थाना कुरारा, हमीरपुर से सुमेरपुर की ओर जा रहे थे। नरायनपुर-कुंडौरा के बीच अचानक वाहन में आग लग गई। घटना में चालक रामरूप उर्फ अजय को मामूली चोटें आईं, जिन्हें एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब सामान्य है। फिलहाल आग बुझने के बाद यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।















