संवाददाता/जाकिर अली
गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर तिवारी टोला में बीते दिनों हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, गगहा पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में हथियार (चाकू) भी बरामद किया है। मिली जानकारी के अनुसार, बीते 1 अप्रैल 2026 को गजपुर तिवारी टोला निवासी सीताराम पुत्र स्व. गोरखनाथ का अपनी ही भाभी के साथ किसी बात को लेकर वाद-विवाद हो गया था। गुस्से में आकर सीताराम ने अपनी भाभी पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद पाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंकित कुमार उपाध्याय और उनकी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी सीताराम को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना गगहा में मु.अ.सं. 143/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 333, 352 और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बरामदगी और टीम: पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अदद चाकू बरामद किया है। इस सफल गिरफ्तारी करने वाली टीम में मुख्य रूप से निम्न पुलिसकर्मी शामिल रहे:
प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद पाल
उ0नि0 अंकित कुमार उपाध्याय
कांस्टेबल विक्रम यादव
कांस्टेबल सुनील कन्नौजिया
क्षेत्राधिकारी बाँसगाँव के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।















