लखीमपुर खीरी, में एक बार फिर “ऑपरेशन सिंदूर” की वीरांगनाएं उपेक्षा और बदहाली का शिकार होती नजर आ रही हैं। नगर पालिका परिषद की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां इन वीरांगनाओं की स्मृति में लगाए गए पोस्टर और प्रतिमाएं अब जर्जर हालत में पड़ी हैं। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद द्वारा विभिन्न स्थानों पर पोस्टर एवं प्रतीकात्मक प्रतिमाएं स्थापित कराई गई थीं। शुरुआती समय में इनका विशेष रूप से सजावट और प्रचार-प्रसार किया गया, लेकिन समय बीतने के साथ ही इनकी देखरेख पूरी तरह से नजरअंदाज कर दी गई। मौजूदा स्थिति यह है कि कई स्थानों पर पोस्टर फट चुके हैं, होर्डिंग टूटे पड़े हैं और आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है। न तो नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था की जा रही है और न ही किसी प्रकार की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों में इसको लेकर नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि जिन वीरांगनाओं के सम्मान में यह व्यवस्थाएं की गई थीं, उनकी इस तरह उपेक्षा होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। नगर पालिका परिषद लखीमपुर खीरी इस पूरे मामले में पूरी तरह मौन नजर आ रही है, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।















