धाता/फतेहपुर। अयोध्या (फैजाबाद) स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में जनपद के विकासखंड धाता अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय घरवासीपुर के छात्र पंकज पुत्र राम मिलन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लम्बी कूद प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से विद्यालय, विकासखंड तथा जनपद का मान और सम्मान बढ़ा है। यह सफलता खंड शिक्षा अधिकारी धाता, फतेहपुर के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्राप्त हुई। प्रतियोगिता की तैयारी में शशांक सिंह (प्रधानाध्यापक/व्यायाम शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय रतनपुर), अशोक कुमार सिंह (प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय शाहनगर) तथा श्रीमती रंजना देवी (उच्च प्राथमिक विद्यालय रतनपुर) का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन रहा। इसके साथ ही प्राथमिक विद्यालय घरवासीपुर, धाता के प्रधानाध्यापक बंशी लाल, सहायक अध्यापक तरुण कुमार यादव, सुशील कुमार सिंह तथा निर्भय लाल की अथक मेहनत और प्रयास से छात्र को यह उपलब्धि हासिल हुई। छात्र की इस सफलता पर क्षेत्र के शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















