कानपुर देहात। जिले में रसोई गैस की किल्लत बढ़ती ही जा रही है। गैस सिलिंडर के लिए सुबह से ही एजेंसियों पर लंबी कतार लग जा रही है, एक-दो घंटे के वितरण के बाद ही एजेंसियां में गैस सिलेंडर का वितरण बंद कर दिया जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों में उपभोक्ता गैस एजेंसियों का चक्कर काट रहे हैं लेकिन, उन्हें गैस नहीं मिल रही है। ग्रामीण इलाकों में तो कुछ लोग लकड़ी पर खाना बनाने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन को गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर कालाबाजारी पर रोक लगानी चाहिए। और उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलिंडर मुहैया कराने की व्यवस्था करनी चाहिए। राजपुर स्थित गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं को एजेंसी कर्मचारियों ने बताया कि गुरुवार तक गैस उपलब्ध हो पाएगी। इस पर तमाम गैस उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई। खासबरा गांव के श्री कृष्ण ने बताया कि दीपावली के बाद वह बुधवार को गैस सिलेंडर बुकिंग कराने एजैंसी आये थे। यहां कर्मचारियो ने बताया कि सिलेंडर पहले से बुकिंग कर प्राप्त किया जा चुका है। ऐसे में उन्हें वापस लौटना पड़ा उन्होंने कहा कि इस सरकार में कब नोट बंदी हो जाएगी और कब गैस की किल्लत हो जाएगी, इसका कोई ठिकाना नहीं है। राजपुर के के इमामुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि सात दिन से गैस समाप्त है। लकड़ी से भोजन बन रहा है। इस रमजान माह में गैस नहीं मिलने से काफी दिक्कत हो रही है।















