राजपुर पीएचसी प्रभारी ने नोटिस जारी करने के निर्देश दिए
कानपुर देहात। राजपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में एक ट्रेनी डॉक्टर द्वारा एमओआईसी (मेडिकल ऑफिसर इन-चार्ज) की कुर्सी पर बैठकर मरीजों का इलाज करते हुए एक तस्वीर वायरल हुई है। यह तस्वीर राजपुर पीएचसी की बताई जा रही है।
वायरल तस्वीर में दिख रहे ट्रेनी डॉक्टर का नाम मनोज सर्राफ है। डॉ. सर्राफ पहले भी कई बार चर्चा में रहे हैं। पूर्व में उन पर एक मरीज को कुछ मिनट तक बीगो (IV cannula) न लगा पाने का आरोप लगा था। इसी तरह, सांप काटने के एक मामले में भी वह एक महिला मरीज को कई जगह कोशिश के बावजूद बीगो नहीं लगा पाए थे, जिससे परिजनों में आक्रोश था। ताजा मामला एमओआईसी की कुर्सी पर बैठकर मरीजों का इलाज करने से जुड़ा है। यह वायरल तस्वीर दो से तीन महीने पुरानी बताई जा रही है। एक जिम्मेदार अधिकारी की कुर्सी पर ट्रेनी डॉक्टर का इस तरह से इलाज करना प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना जा रहा है। इस संबंध में राजपुर पीएचसी प्रभारी डॉ. सलिल सचान ने बताया कि ट्रेनी डॉक्टर मनोज सर्राफ को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। डॉ. सचान ने स्पष्ट किया कि एमओआईसी की कुर्सी पर केवल एमओआईसी या उससे उच्च पद के अधिकारी ही बैठ सकते हैं।















