फतेहपुर। थाना कल्यानपुर क्षेत्र में पुलिस ने अपनी त्वरित और संवेदनशील कार्यवाही से एक परिवार की चिंता को मात्र पांच घंटे में दूर कर दिया। जन्मजात मूक-बधिर 19 वर्षीय युवक साजन को लापता होने के महज पांच घंटे बाद सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया। इस सफलता पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया और स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस बड़ी कार्यवाही की जमकर प्रशंसा की। बताते चलें कि नौ मार्च को विनोद पासवान पुत्र छंग्गू निवासी ग्राम अलीपुर थाना कल्यानपुर ने थाने में सूचना दी कि उनका बेटा साजन 19 वर्ष आठ मार्च को शाम लगभग छह बजे घर से अचानक निकल गया और काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। इस पर थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह और क्षेत्राधिकारी बिंदकी गौरव शर्मा के पर्यवेक्षण में तुरंत टीम गठित की गई। थानाध्यक्ष कल्यानपुर सुमित देव पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। उपनिरीक्षक सुशील कुमार राय और हेड कांस्टेबल अनिल कुमार ने विशेष प्रयास किए और मात्र पांच घंटे के भीतर गुमशुदा युवक को सकुशल बरामद कर लिया। युवक को नियमानुसार उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिवार के सदस्यों ने बेटे को सुरक्षित पाकर खुशी जाहिर की और पुलिस टीम का दिल से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की इस तेज़ कार्रवाई से उनका परिवार टूटने से बच गया। आमजन और स्थानीय निवासियों ने भी कल्यानपुर पुलिस की इस संवेदनशील और प्रभावी कार्यवाही की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। एसपी ने बताया कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। खासकर विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों के लापता होने पर। यह घटना पुलिस की प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता का जीता-जागता उदाहरण है।















