असोथर, फतेहपुर। नगर पंचायत असोथर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही चोरियों से आम जनमानस में भय और असुरक्षा का माहौल है। बुधवार रात एक बार फिर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए थाना असोथर से महज कुछ कदम की दूरी पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। प्रताप नगर झाल तिराहे पर स्थित दुकानदार रामबिहारी के पान मसाला की गुमटी के पीछे से चोरों ने टीन का पटरा उखाड़कर नगदी और सामान चुरा लिया। वारदात के बाद से दुकानदार सदमे में है और इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। इसी रात थाना क्षेत्र के टीकर गांव में स्थित कामता नाथ ब्रिक फील्ड को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोर बांस के सहारे छत पर चढ़े और अंदर घुसकर अलमारी से 7,600 नकद पार कर ले गए। यह घटना भी पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि ब्रिक फील्ड के मुनीम हरीशचंद्र द्वारा थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, दो माह पूर्व भी उनके यहां से 36,000 की चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की। न तो मुकदमा दर्ज हुआ, न ही किसी आरोपी को पकड़ा गया, जिससे चोरों के हौसले और भी बुलंद हो गए हैं। लगातार हो रही चोरियों और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर क्षेत्रीय जनता में भारी आक्रोश है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब थाने के पास ही चोरी हो रही है और पुलिस मौन है, तो आम ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा की क्या गारंटी है? स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूर्व में हुई सभी चोरियों का तत्काल खुलासा किया जाए। रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाया जाए। पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए, ताकि चोरों के हौसले पस्त हों। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिलाष तिवारी ने बताया कि छानबीन जारी है, जल्द ही चोरियों का खुलासा किया जाएगा।















