- छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए प्रधानाचार्य शबाना ने की पहल
कानपुर देहात। राजपुर ब्लॉक क्षेत्र के राजकीय हाईस्कूल जैसलपुर में छात्र नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ चलाया गया। इस अभियान में विद्यालय की प्रधानाचार्य शबाना, सहायक अध्यापक सुशील कुमार और अजय कुमार कश्यप ने सक्रिय भूमिका निभाई।शिक्षकों ने श्री राधा कृष्ण जूनियर हाईस्कूल, जमालपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय अनवा, गौरीरतन बांगर और बैजमाऊ बांगर से कक्षा 8 उत्तीर्ण छात्रों एवं उनके अभिभावकों से संपर्क किया। उन्हें राजकीय हाईस्कूल की विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।इस दौरान बच्चों को विद्यालय में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने अभिभावकों को बताया कि सरकारी विद्यालयों में बेहतर शिक्षा, योग्य शिक्षक, कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं।शिक्षकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उच्च कक्षाओं में प्रवेश लेने की आवश्यकता पर बल दिया। गौरतलब है कि प्रदेश भर में ‘स्कूल चलो अभियान’ के माध्यम से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें रैली, जन जागरूकता और अभिभावकों से संपर्क जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।















