फतेहपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस को सात नए चार पहिया स्कॉर्पियो वाहन (यूपी-112) प्राप्त हुए। इन अत्याधुनिक वाहनों को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर आपातकालीन सेवा में रवाना किया। रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यूपी-112 आपातकालीन सेवा पुलिस और जनता के बीच त्वरित सहायता का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। नए वाहनों के शामिल होने से शहरी व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और अधिक तेज होगी तथा आपात स्थितियों में रिस्पॉन्स टाइम को कम करने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पाल सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन गौरव शर्मा, प्रभारी यूपी-112 राम केवल पटेल सहित यूपी-112 से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वाहनों के बेहतर रख-रखाव, नियमित मॉनिटरिंग तथा प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन वाहनों का मुख्य उद्देश्य आमजन को समयबद्ध, त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। नई स्कॉर्पियो वाहनों की तैनाती से न केवल अपराध नियंत्रण में मजबूती आएगी, बल्कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना को भी और अधिक सशक्त किया जा सकेगा।















