संवाददाता: मोहम्मद कमर
लखीमपुर खीरी | जनपद लखीमपुर खीरी के थाना शारदा नगर क्षेत्र में आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने किसानों की फसलों को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। खासकर गेहूं और सरसों की खड़ी फसलें बर्बादी के कगार पर पहुंच गई हैं। जानकारी के अनुसार, तेज हवा और बारिश के चलते गेहूं, मसूर, लाही और धनिया जैसी रबी फसलें खेतों में गिरकर पानी में भीग गई हैं, जिससे दानों के सड़ने और अंकुरित होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि उनकी फसलें कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थीं, लेकिन बेमौसम बारिश ने उत्पादन और गुणवत्ता दोनों को भारी नुकसान पहुंचाया है। वहीं, लगातार बारिश से गांव और कस्बों की सड़कों पर जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाइवे पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है। घरों के आसपास पानी भरने और नालियों में गंदा पानी जमा होने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस स्थिति से किसान बेहद चिंतित हैं। उनका कहना है कि मेहनत से तैयार की गई फसल बर्बाद होने से उन्हें आर्थिक नुकसान होगा और लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। कई किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि फसल क्षति का सर्वे कराकर जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।















