हमीरपुर: आगामी हमीरपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी घनश्याम मीना एवं एसपी डॉ दीक्षा शर्मा द्वारा जिम्मेदार अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल चौरा देवी मंदिर प्रांगण का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा टैंटेज,मंच, साज-सज्जा, साउंड व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रवेश और निकास द्वार, ओडीओपी के स्टाल, सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था, साफ-सफ़ाई, पेयजल, सीसीटीवी, पब्लिक टॉयलेट, प्लेनेटोरियम आदि की तैयारियों से सम्बन्धित व्यवस्थाओं की जानकारी ली गयी।साथ ही कार्यक्रम को सफलता पूर्वक संपन्न कराने हेतु नामित किए गए नोडल व सह नोडल अधिकारियों को निर्देश दिये गए कि दी गयी जिम्मेदरियों का अच्छे से निर्वहन करें ताकि महोत्सव को यादगार बनाया जा सके।उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को जो भी दायित्व दिये गए हैं वे स्वयं अपनी देख-रेख में सुनिश्चित कराएं। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका हमीरपुर को साफ-सफ़ाई, टॉयलेट, पेयजल, पब्लिक एड्रेस सिस्टम आदि की व्यवस्था कराने के निर्देश दिये। मंच की व्यवस्था हेतु अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत, जेनेरेटर एवं साउंड व्यवस्था हेतु अधिशाषी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया गया। स्टाल एवं झूला आवंटन की जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर तथा उपायुक्त उद्योग को दी गयी। पार्किंग एवं आवगमन की व्यवस्था देखने हेतु अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका हमीरपुर एवं यातायात निरीक्षक को निर्देश दिये गए।प्लेनेटोरियम की व्यवस्था देखने के निर्देश डीआईओएस एवं बीएसए को दिये गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं मीडिया कवरेज की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी एवं पर्यटन सूचना अधिकारी को प्रदान की गयी। निरीक्षण के दौरान सीडीओ अरुण कुमार सिंह, डीएफओ अनिल श्रीवास्तव, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एडीएम न्यायिक रिजवाना शाहिद, एएसपी एम के गुप्ता, सूचना अधिकारी सतीश कुमार, पर्यटन सूचना अधिकारी चित्रगुप्त सिंह आदि अधिकारी व कर्मचारी गण मौजूद रहे।















