- साधना सप्ताह’ के तहत समीक्षा बैठक आयोजित, पुलिसकर्मियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
संवाददाता/ जाकिर अली
गोरखपुर। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) अनुभाग के पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और आधुनिक चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन में हुई इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम ने की। जीआरपी पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित इस गोष्ठी में मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत iGOT (Integrated Government Online Training) पोर्टल पर चलाए जा रहे ‘साधना सप्ताह’ के सफल क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इस दौरान अनुभाग कार्यालय, जीआरपी लाइन के अधिकारी व कर्मचारी प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहे, जबकि सभी थाना व चौकी प्रभारी गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन जुड़े। 100 प्रतिशत कोर्स पूरा करने के निर्देश पुलिस उपाधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पोर्टल पर उपलब्ध ऑनलाइन प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को शत-प्रतिशत पूर्ण करें। उन्होंने विशेष रूप से पोर्टल पर उपलब्ध एआई (AI) कोर्सेज को पूरा करने पर जोर दिया और बताया कि वीडियो व्याख्यानों को ध्यानपूर्वक देखकर तकनीकी दक्षता बढ़ाना आज के समय की मांग है। आधुनिक पुलिसिंग का आधार है iGOT बैठक को संबोधित करते हुए श्री सवि रत्न गौतम ने कहा iGOT पोर्टल केवल एक प्रशिक्षण टूल नहीं है, बल्कि आधुनिक पुलिसिंग के लिए एक अनिवार्य ‘कौशल कोष’ है। कोर्स पूरा करने के बाद मिलने वाला प्रमाण पत्र पुलिसकर्मियों के सेवा अभिलेखों में उनकी व्यावसायिक योग्यता को प्रमाणित करेगा। उन्होंने आगे कहा कि निरंतर सीखना ही एक कुशल पुलिस बल की पहचान है। ‘साधना सप्ताह’ जैसे कार्यक्रमों से पुलिसकर्मी आधुनिक तकनीक को अपनाकर जनता की सेवा और सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बना सकेंगे।















