लखीमपुर खीरी/पढुआ – थाना क्षेत्र पढुआ में जहरीली शराब का अवैध कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। खुलेआम भट्टियां धधक रही हैं और शराब माफिया दिन-रात जहरीली शराब बनाकर उसकी सप्लाई कर रहे हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी इस पर कार्रवाई करने में नाकाम नजर आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, शराब माफिया दिन के उजाले और रात के अंधेरे में भी धड़ल्ले से जहरीली शराब का निर्माण कर रहे हैं। तैयार शराब को पन्नियों में भरकर बैग में रखा जाता है और पल्सर बाइक के जरिए आसपास के इलाकों में सप्लाई की जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस जहरीली शराब की वजह से गरीब तबके के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। दिनभर मजदूरी करने वाले लोग 50-60 रुपये में मिलने वाली इस शराब के आदी हो चुके हैं, जिससे उनके परिवार उजड़ने की कगार पर पहुंच रहे हैं। जहरीली शराब के कारण कई परिवार टूट चुके हैं और घरों में आपसी विवाद बढ़ रहे हैं। बावजूद इसके, संबंधित विभाग द्वारा ठोस कार्रवाई न होने से शराब माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जहरीली शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस अवैध कारोबार पर रोक लग सके और लोगों की जिंदगी सुरक्षित रह सके।















