- अफवाह फैलाने व कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट किया है कि जनपद में रसोई गैस की किसी प्रकार की कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैलने की जानकारी मिली है, जो पूरी तरह निराधार हैं। यदि किसी व्यक्ति द्वारा रसोई गैस की कमी को लेकर अफवाह फैलाई गई या अफवाह की आड़ में कालाबाजारी करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे रसोई गैस की किल्लत से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही अनावश्यक रूप से गैस सिलिंडर का अतिरिक्त स्टॉक करने की कोशिश करें। उन्होंने कहा कि सरकार की व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक उपभोक्ता को नियमानुसार गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है और जिले में इसकी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। डीएम दीपक मीणा ने बताया कि रसोई गैस की बुकिंग और डिलीवरी की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए ओटीपी प्रणाली लागू की गई है। इस व्यवस्था के तहत गैस सिलिंडर की डिलीवरी उपभोक्ता के मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से ही सुनिश्चित की जाती है, जिससे किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को पैनिक बुकिंग से बचना चाहिए। अनावश्यक बुकिंग या सिलिंडर को रोककर रखने की प्रवृत्ति से बचने की आवश्यकता है, क्योंकि इससे अन्य उपभोक्ताओं को असुविधा हो सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जिले की सभी गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में रसोई गैस का कृत्रिम अभाव नहीं दिखना चाहिए। यदि किसी एजेंसी या बिचौलिए द्वारा गैस की कालाबाजारी करने या उपभोक्ताओं को परेशान करने की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी स्थिति में संबंधित एजेंसी या व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी रसोई गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।















