- बृहस्पतिवार रात काम के बाद खंड में सो गया था युवक, लोडिंग के दौरान हुआ हादसा
हमीरपुर। चिकासी थाना क्षेत्र के चिकासी गांव स्थित खनन खंड संख्या 25/15 में पोकलैंड मशीन की बकेट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद खनन क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान भारत सिंह (30) पुत्र स्वर्गीय हाकिम सिंह निवासी बरसेड़ा थाना कोटरा जनपद जालौन के रूप में हुई है। वह खनन खंड में ट्रकों की लोडिंग का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की रात्रि कार्य करने के बाद वह खनन स्थल पर ही सो गया था। शुक्रवार को लोडिंग के दौरान चल रही पोकलैंड मशीन की बकेट उसके सिर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक तीन बहनों में अकेला भाई था और उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। थाना प्रभारी मयंक चंदेल ने बताया कि युवक खनन खंड में लोडिंग का कार्य करता था और बृहस्पतिवार की रात कार्य के बाद वहीं सो गया था। लोडिंग के दौरान मशीन की बकेट लगने से वह घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज उरई ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।















