फतेहपुर। जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी अर्थात जन्मभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर होती है। इसी पवित्र भावना के साथ मंगलवार को फतेहपुर जिले के 200 वर्ष पूरे होने पर स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान एवं डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजन में सुबेदार का पुरवा गांव में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान केक काटकर फतेहपुर जिले का 200वां जन्मदिन मनाया गया।
कार्यक्रम में गांव के बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों ने गुब्बारे फुलाए और देशभक्ति गीतों पर नृत्य एवं गायन प्रस्तुत कर अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बच्चों को फतेहपुर के गौरवशाली इतिहास और जिले के 200 वर्षों के सफर के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसके बाद सभी बच्चों को केक, बिस्कुट, टॉफी, गुब्बारे, पेंसिल, रबर, कटर और रुमाल आदि वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। बच्चों ने सामूहिक रूप से ‘हैप्पी बर्थडे फतेहपुर’ और ‘फतेहपुर जिंदाबाद’ के नारे लगाकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर प्रमुख सहयोगी जबर यादव, अंकित यादव सहित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यकारिणी सदस्य चैतन्य कुमार मौजूद रहे। सभी ने जिले के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए स्थापना दिवस की खुशियां साझा कीं।















