राठ (हमीरपुर): तहसील सभागार में सोमवार को जनगणना 2027 की तैयारियों के बीच ड्यूटी आवंटन में अनियमितता को लेकर शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों व शिक्षकों ने उपजिलाधिकारी राठ को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में सुधार की मांग की। शिक्षकों का आरोप है कि विकासखंड गोहण्ड में सुपरवाइजर व प्रगणक की ड्यूटी लगाते समय ग्रेड पे का पालन नहीं किया गया। कम ग्रेड पे व जूनियर कार्मिकों को सुपरवाइजर बना दिया गया। जबकि अधिक ग्रेड पे वाले वरिष्ठ कार्मिकों को प्रगणक की जिम्मेदारी दी गई है। संघ का कहना है कि यह व्यवस्था जनगणना अधिनियम 1990 के नियमों के विपरीत है। जिसमें स्पष्ट है कि सुपरवाइजर का पद प्रगणक से उच्च श्रेणी का होना चाहिए। शिक्षकों ने यह भी बताया कि तहसील राठ में लेखपालों को सुपरवाइजर और प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी दी गई है। जिससे असंतोष और बढ़ा है। इस दौरान संघ के ब्लाकअध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, मंत्री असलम इकराम, मनोज लाक्षाकार, अवधेश प्रताप सिंह, सुनील चौरसिया, विनोद गुप्ता, प्रदीप कुमार, नरपत सिंह, योगेंद्र सिंह, भगत सिंह, गुलाब सिंह, कुलदीप सोनी सहित करीब आधा सैकड़ा शिक्षक मौजूद रहे।















