हमीरपुर जनपद में राठ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमगांव स्थित अभिनव प्रज्ञा महाविद्यालय के पास रविवार की रात्रि के समय एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो ग्रामीण व्यक्तियों की मौत हो गई। तथा ट्रैक्टर ट्राली के पलटने से उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी लगते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा दोनों मृतकों के समूह का आज सोमवार को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा है। दोनों मृतक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार सरिया लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रॉली में लदी लोहे की सरिया बाइक चालक के सिर में घुस गई, जिससे मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। बाइक पर पीछे बैठे युवक भी बुरी तरह घायल हो गए। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राठ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान हरिश्चंद्र मिश्रा 55 वर्षीय और मान बहादुर द्विवेदी निवासी ग्राम खेड़ा शिलाजीत, थाना जरिया के रूप में हुई है। दोनों लोग बाइक पर सवार होकर अपने गांव खेड़ा शिलाजीत से राठ कस्बे के शारदा पैलेस विवाह घर में आयोजित एक शादी समारोह में जा रहे थे। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों में बैंदो इटौरा गांव निवासी हरी सिंह 55 वर्षीय, मनोहर 42 वर्षीय , ठाकुरदीन 60 वर्षीय , चालक बालकिशन 30 वर्षीय और धांधू 60 बर्षीय शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार धांधू का हाथ फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 के माध्यम से पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। राठ कोतवाली प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा ट्रैक्टर व चालक को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।















