असोथर (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर को दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, शिवकुमार (30) पुत्र मुन्ना लाल निवासी आबू नगर, थाना कोतवाली फतेहपुर का हादसे में पैर टूट गया, जबकि राहुल कश्यप (28) पुत्र केदार निवासी कहारन डेरा मजरे सरकंडी, थाना असोथर के सिर में गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक मोटरसाइकिल से फतेहपुर से अपने गांव सरकंडी लौट रहे थे। इसी दौरान प्रेममऊ कटरा स्थित हनुमान मंदिर के पास सामने से आ रही बोलेरो से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि बोलेरो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर से हादसा हुआ है। बोलेरो वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।














