*कुरारा(हमीरपुर)*- कुरारा विकास खंड क्षेत्र के सिवनी गांव में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे खेतों में भीषण आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में इन दिनों हार्वेस्टर से फसल कटाई अधिक होने के कारण खेतों में पराली खड़ी है, जिसमें आग तेजी से फैल जाती है। प्रतिबंध के बावजूद पराली जलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार किसान स्वयं पराली में आग लगाकर बाद में दमकल को सूचना देकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करते हैं। सिवनी गांव में लगी आग में करीब 50 बीघा से अधिक खेतों की पराली जलकर राख हो गई। इसमें जीवन खान, सफी मोहम्मद, जगदीश और हरनारायण सहित कई किसानों को नुकसान हुआ है। आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर की कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आसपास के अन्य खेतों को बचा लिया गया।














