*राठ(हमीरपुर)* – राठ कोतवाली क्षेत्र के स्यावरी गांव में सात वर्षीय बालिका का शव घर के पास स्थित कुएं में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि पड़ोस में चल रहे शादी समारोह के दौरान बालिका कुएं में गिर गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार स्यावरी गांव निवासी नैंसी पुत्री धर्मेंद्र रविवार रात करीब साढ़े दस बजे अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। सोमवार दोपहर उसका शव घर के पास स्थित कुएं में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची राठ कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम ने ग्रामीणों की मदद से बालिका के शव को कुएं से बाहर निकाला। फायर स्टेशन प्रभारी कमलेश कुमार, फायरमैन पवन यादव और आपदा मित्र मुबीन अहमद ने रेस्क्यू अभियान चलाया। परिजनों के अनुसार पड़ोस में कामता प्रसाद की पुत्री उपासना का विवाह समारोह चल रहा था। आशंका है कि इसी दौरान भीड़भाड़ में धक्का लगने से नैंसी कुएं में गिर गई होगी। नैंसी अपने माता-पिता धर्मेंद्र और गायत्री देवी की बड़ी बेटी थी। उसकी एक छोटी बहन नित्या है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। प्रभारी निरीक्षक राठ ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।















