- राजपुर पीएचसी के डॉक्टर आशीष मिश्रा ने लोगों को किया जागरूक
कानपुर देहात। राजपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर आशीष कुमार मिश्रा ने बढ़ती गर्मी के मद्देनजर आम जनता को बचाव के उपाय बताए हैं। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण आम जनमानस परेशान है। डॉक्टर मिश्रा ने दैनिक भास्कर के माध्यम से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें और अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें। उन्होंने ताज़ा भोजन करने और बाहर के खाने से परहेज करने की सलाह दी। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और प्यास लगने पर ओआरएस घोल का इस्तेमाल करें। बासी खाने से बचें और हरी सब्जियों का अधिक सेवन करें। तरबूज, खीरा, खरबूजा, ककड़ी, गाजर और मूली जैसे तरल पदार्थों का अधिक प्रयोग करें। फास्ट फूड से दूर रहने की भी सलाह दी गई है। इसके अतिरिक्त, उल्टी, दस्त या बुखार आने पर तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जाकर इलाज कराएं।















