- कानपुर देहात में सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर खाली रहीं कुर्सियां
कानपुर देहात। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित जन कल्याण सेवा शिविर में ग्रामीणों की भागीदारी बेहद कम रही। ब्लॉक कार्यालय परिसर में लगा यह शिविर मुट्ठी भर लोगों तक ही सीमित रहा, जबकि अधिकारी और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम समाप्त होने तक लोगों का इंतजार करते रहे। गुरुवार को राजपुर ब्लॉक कार्यालय परिसर में इस जन कल्याण सेवा शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर का उद्घाटन भाजपा नेता दिनेश चंद्र मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, जिसके लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। शिविर में जनता की भागीदारी इतनी कम रही कि विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर कर्मचारी पूरे समय लोगों का इंतजार करते नजर आए। सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और लाभार्थियों को जागरूक करने के लिए कई विभागों ने स्टॉल लगाए थे, लेकिन दोपहर 12:30 बजे तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और आम जनता भी नदारद रही।
कार्यक्रम का निर्धारित समय सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक था। अधिकारियों और आम जनता के लिए लगाई गईं कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। कुछ विभागों के कर्मचारी ही मौजूद थे। बताया गया कि प्रचार-प्रसार की कमी के कारण लोगों को शिविर की जानकारी नहीं मिल पाई, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित चिकित्सा शिविर में टीबी के पांच मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। इस दौरान राजपुर ब्लॉक की सीडीपीओ कार्यक्रम से अनुपस्थित रहीं, जिस पर बीडीओ प्रदीप कुमार ने नाराजगी व्यक्त की। इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह, बीडीओ प्रदीप कुमार, एडीओ पंचायत कल्याण सिंह, एडीओ समाज कल्याण अजय गुप्ता, एडीओ सत्य कुमार शर्मा, कृषि विभाग से नीरज यादव, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष रामबली सिंह, जमाल अहमद, फार्मासिस्ट सुरेश शुक्ला, एएनएम रागिनी और एलटी प्रतिपालेंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।















