- विशेष स्वास्थ्य शिविर में हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन का उपयोग
कानपुर देहात। राजपुर ब्लॉक में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (टीबी मुक्त भारत अभियान) के तहत एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पंचायत भवन रसधान और कांधी में कुल 205 मरीजों की हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन से स्क्रीनिंग की गई। यह शिविर डॉ. सलिल सचान के नेतृत्व में संपन्न हुआ। डॉ. सचान ने मरीजों की जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श तथा दवाएं उपलब्ध कराईं। कांधी में दो संभावित क्षय रोगियों की बलगम जांच भी कराई गई। वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक बीके दीक्षित ने बताया कि जिन व्यक्तियों को एक सप्ताह से लगातार खांसी है, बार-बार बुखार आ रहा है और दवा लेने के बाद भी ठीक नहीं हो रहा है, उन्हें तुरंत जांच करानी चाहिए। ऐसे लक्षणों वाले व्यक्तियों की जांच कर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में एक्स-रे टेक्नीशियन विश्राम सिंह और मनीष कुशवाहा के साथ-साथ आशा बहुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों की पहचान, पंजीकरण, जांच और उपचार व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया। शिविर के दौरान टीबी के लक्षण, बचाव के तरीके और सरकार द्वारा प्रदान की जा रही निशुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।















