जिला संवाददाता: जाकिर अली
गोरखपुर। थाना चिलुआताल की पुलिस ने एक ऐसे अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सफलता प्राप्त की है, जो लोगों को शादी का झांसा देकर बुलाते थे और फिर फर्जी पुलिस बनकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे। मंगलवार को पुलिस टीम ने इस गिरोह की एक वांछित महिला अभियुक्त नीलम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। शादी के नाम पर चलता था ‘लूट’ का खेल पकड़ी गई अभियुक्ता नीलम सिंह, जो मूल रूप से बलिया की रहने वाली है, अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गैंग चलाती थी। यह गिरोह बाहरी राज्यों के लोगों को शादी का लालच देकर बुलाता था। यहाँ उनकी फर्जी शादी कराई जाती थी और फिर गिरोह के अन्य सदस्य खुद को पुलिस अधिकारी बताकर उन्हें बंधक बना लेते थे। गिरफ्तारी का डर दिखाकर पीड़ितों से भारी धन उगाही की जाती थी। पुलिस की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक उत्तरी और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के कुशल निर्देशन में थानाध्यक्ष चिलुआताल सूरज सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्ता नीलम सिंह पुत्री स्व. राजबली सिंह को रुस्तमपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। अभियुक्ता के विरुद्ध थाना चिलुआताल में मु.अ.सं. 247/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं (308, 122, 127, 318 आदि) में मामला पंजीकृत है। इस मामले में पुलिस पूर्व में ही 07 अन्य अभियुक्तों को जेल भेज चुकी है। इस कामयाबी में थानाध्यक्ष सूरज सिंह, उप-निरीक्षक चन्दन नारायण, और आरक्षी दीपक चौहान व कोमल सविता की मुख्य भूमिका रही। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह के अपराधों में लिप्त अन्य संदिग्धों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।















