मतीन उद्दीन खान
फतेहपुर/विजयीपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के गाज़ीपुर गांव में सोमवार को एक घर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार गांव निवासी शिव सिंह के घर में खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई। जिस स्थान पर खाना बनाया जा रहा था वहां खपरैल होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत शुरू कर दी। संयोगवश उस समय बिजली आपूर्ति चालू थी, जिसके चलते पड़ोसी घरों के समरसेबल पंप चालू कर आग बुझाने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों की सूझबूझ और मेहनत से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि आग लगने वाले स्थान के पास ही गैस सिलेंडर भी रखा हुआ था। यदि सिलेंडर आग की चपेट में आ जाता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। घटना की जानकारी देते हुए शिव सिंह की पत्नी संगीता देवी ने बताया कि आग में घर में रखा गेहूं, दाल, चावल तथा घरेलू बर्तन जलकर राख हो गए हैं, जिससे परिवार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।















