*संवाददाता- जाकिर अली*
गोरखपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने दुकानों का ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की गई ₹2,090 की नकदी बरामद हुई है। लगातार दो चोरियों से फैला था हड़कंप पुलिस के अनुसार, बीते 2 जून और 12 जून 2026 को कोतवाली थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर अज्ञात चोरों ने दुकानों के ताले चटकाकर नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। इस संबंध में पीड़ित दुकानदारों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के दिशा-निर्देश में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी बुधवार को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कासिम उर्फ छोटे (पुत्र शान, निवासी रहमतनगर, थाना राजघाट) और मो. अयान उर्फ अली (पुत्र मुन्ना उर्फ फिरोज, निवासी तुर्कमानपुर, थाना राजघाट, गोरखपुर) के रूप में हुई है। बढ़ीं कानूनी धाराएं पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद ₹2,090 की नकदी के आधार पर दर्ज मुकदमों (मु.अ.सं. 126/2026 और मु.अ.सं. 080/2026) में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम उ.नि. आदित्य कुमार पाण्डेय (चौकी प्रभारी बक्शीपुर) उ.नि. दीपशिखा रंजन (चौकी प्रभारी नगर निगम) उ.नि. हर्ष कुमार शुक्ला कांस्टेबल: संजीत यादव, राकेश यादव और संदीप चौहान।















