संवाददाता- जाकिर अली
गोरखपुर। आगामी नीट (NEET) परीक्षा के मद्देनजर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) अनुभाग ने परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए अपनी कमर कस ली है। शनिवार को पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी और पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ रामकृष्ण भारद्वाज के निर्देशन में एक अहम ऑनलाइन समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता रेलवे पुलिस अधीक्षक (SP) लक्ष्मी निवास मिश्र ने की। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक बलिया सवि रत्न गौतम और पुलिस उपाधीक्षक विनोद कुमार सहित अनुभाग के सभी थाना व चौकी प्रभारी मौजूद रहे। स्टेशनों पर बनेगी हेल्प डेस्क, ट्रेनों में रहेगी एस्कॉर्ट ड्यूटी समीक्षा बैठक के दौरान एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि रेलवे स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की सहायता के लिए विशेष परीक्षा हेल्प डेस्क बनाई जाए। इस डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों को पहले ही ब्रीफ किया जाए, ताकि वे छात्रों को ट्रेनों और प्लेटफॉर्म की सही व सटीक जानकारी दे सकें। इसके साथ ही, परीक्षार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए ट्रेनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और सभी प्रमुख ट्रेनों में एस्कॉर्ट ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। CCTV से होगी निगरानी, ट्रैफिक व्यवस्था पर रहेगा जोर एसपी ने साफ किया कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रभारियों को आरपीएफ (RPF) से तालमेल बिठाकर सीसीटीवी कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखने को कहा है। साथ ही, स्टेशन परिसर के बाहर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए जिला पुलिस और ट्रैफिक विभाग से समन्वय बनाकर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए हैं। महोदय ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने और आम जनता व परीक्षार्थियों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने की हिदायत दी है।















