फतेहपुर। सर्व फॉर ह्यूमैनिटी संस्था के सदस्यों ने मानस रक्तकेंद्र पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। यूपी पुलिस (प्रयागराज) में तैनात निशांत शुक्ला ने अपने जन्मदिन पर 14वीं बार रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके साथ जिले के मूल निवासी एवं बिहार (बेगूसराय) में कार्यरत शिक्षक आयुष्मान तथा नियमित रूप से हर छह माह में रक्तदान करने वाले संस्था के सक्रिय सदस्य आशीष ने भी रक्तदान किया। इस अवसर पर संस्था से गुरमीत सिंह उपस्थित रहे। मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव एवं अनामिका पाल ने रक्तदाताओं के मानवीय प्रयासों की सराहना करते हुए निशांत शुक्ला, आयुष्मान और आशीष को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्था का उद्देश्य व युवाओं का यह प्रयास बताता है कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से दूसरों के जीवन में उम्मीद और खुशियां बांटकर और भी यादगार बनाया जा सकता है।














