असोथर, फतेहपुर। असोथर-सैबसी मार्ग पर बुधवार की देर रात एक भारी ट्रक की कमानी टूट जाने से सड़क पर ही वह फंस गया, जिससे पूरा मार्ग करीब दस घंटे तक पूरी तरह जाम रहा। इस दौरान राहगीरों, वाहन चालकों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना रात करीब 11 बजे की है, जब एक बालू लदा ट्रक बांदा जिले के मर्का थाना क्षेत्र के खदान से कठौता-सैबसी मार्ग से असोथर की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक वार्ड नंबर आठ मुराइन मोहल्ला में बुधवार रात 9 बजे के करीब ट्रक की कमानी टूट गई और वह बीच सड़क में ही खड़ा हो गया। चूंकि यह मार्ग पहले से ही संकरा है, ऐसे में दोनों ओर से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। अंततः सुबह करीब 8 बजे के बाद कारीगरों द्वारा कमानी बनाने के बाद ट्रक हटाया गया और यातायात बहाल हो सका।
स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचित किया, लेकिन भारी वाहन को हटाने के लिए कोई उचित इंतजाम सुबह तक नहीं हो सका। सुबह होते-होते जाम एक किलोमीटर लंबा हो गया। जिसमें आधा सैकड़ा वाहन फंसे रहे। रोजाना इस मार्ग से स्कूल/कोचिंग जाने वाले छात्र-छात्राएं, ऑफिस जाने वाले कर्मचारी और ग्रामीण यात्री बुरी तरह फंसे रहे। धूप में घंटों इंतजार करने के बाद भी रास्ता साफ नहीं हो सका। कुछ दोपहिया वाहन चालक खेतों और पगडंडियों से किसी तरह निकलने की कोशिश करते देखे गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर पहले से प्रतिबंध लगाना चाहिए था। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि मार्ग पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति न उत्पन्न हो।















