-आरोपी के पास से बाइक, तमंचा, कारतूस बरामद, दो मामलों में चल रहा था फरार
फतेहपुर। धाता पुलिस ने 25 हजार के इनामिया अपराधी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। गोली लगने से आरोपी घायल हो गया है। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और मोटर साइकिल सहित 820/- रुपये बरामद हुए हैं। धाता थानाध्यक्ष योगेश कुमार अपनी टीम के साथ बीती रात्रि थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डेंडासाही नहर पुलिया के निकट संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चौकिंग कर रहे थे। तभी दो पहिया वाहन सवार संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो संदिग्ध व्यक्ति तेजी से वाहन मोड़कर डेंडासाही नहर पुलिया पटरी की तरफ भागने के प्रयास पर अनियंत्रित होकर गिर गया। स्वयं को पुलिस से घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर करने लगा। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम की फायरिंग में बायें पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। जिसकी पहचान वांछित मनोज रैदास उर्फ मनोज पासी पुत्र जिराखन निवासी अंजना कबीर थाना खखरेरु के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी थाना धाता के दो मामलों में वांछित था।














