बहुआ, फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बंधवा से राजा होटल मार्ग के बीच से गुजर रही 11000 केवीए की विद्युत लाइन हादसे को दावत दे रही है। यहां तीन खंभे पूरी तरह से टूट चुके हैं, बावजूद इसके विद्युत आपूर्ति लगातार जारी है। जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लाइन के खंभे झुक चुके हैं और तार जमीन के बेहद करीब लटक रहे हैं। महना गांव के समाजसेवी एवं चंद्रशेखर आजाद सामाजिक सेवा संगठन के अध्यक्ष कृष्णा सिंह दीपक ने इस गंभीर स्थिति की जानकारी उच्चाधिकारियों को देते हुए जल्द से जल्द टूटे खंभों को बदलने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग की लापरवाही से क्षेत्रवासी भय के साए में जी रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भगवान भरोसे चल रही है।















