जहानाबाद, फतेहपुर। कस्बा जहानाबाद के शहीद माल्टा इंटर कॉलेज में चिल्ड्रन डे के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय बाल मेले के दूसरे दिन का शुभारंभ नगर पंचायत जहानाबाद के अध्यक्ष सैय्यद आबिद हसन ने किया। रिबन काटकर मेले का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने परिसर में लगे स्कूली छात्र-छात्राओं के विभिन्न क्रिएटिव स्टालों का निरीक्षण किया और कई स्थानों से खरीदारी भी की। मेले में पहुंचे छात्रों में उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने अपने-अपने स्टालों के माध्यम से स्वच्छता, शुद्धता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। खाने-पीने, विज्ञान मॉडल, हैंडीक्राफ्ट, कला एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित स्टालों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिसुर रहमान, अकील मास्टर, जितेंद्र मास्टर, नियाज मास्टर, धर्मेंद्र कुमार, राहुल महेश, जय सिंह यादव, उदय नारायण, दीपाली और संगीता सहित शिक्षक गण प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सैय्यद आबिद हसन ने बच्चों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। बाल मेले ने बच्चों की रचनात्मकता को नया मंच दिया और क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।















