संवाददाता/ जाकिर अली
गोरखपुर। बड़हलगंज दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवाकर कानून को चकमा देने वाले आरोपी के खिलाफ अब पुलिस ने शिकंजा पूरी तरह कस दिया है। सोमवार को बड़हलगंज पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर फरार चल रहे अभियुक्त विजय कुमार के घर पर ढोल-नगाड़ों के साथ ‘मुनादी’ की और धारा 82 के तहत कुर्की से पूर्व की उद्घोषणा की नोटिस चस्पा की। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के कृत्तपुरा निवासी विजय कुमार पुत्र स्व. राधे श्याम पर कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज तैयार कर दो पासपोर्ट बनवाने का गंभीर आरोप है। इस मामले में पुलिस ने धारा 419, 420, 467, 468, 471 और पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार फरार चल रहा था। गाजे-बाजे के साथ हुई घोषणा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत, आज पटना घाट चौकी प्रभारी अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी के गांव पहुंची। पुलिस ने गांव में लाउडस्पीकर से घोषणा की और ढोल-ताशों के साथ डुगडुगी पिटवाकर ग्रामीणों को अवगत कराया कि यदि आरोपी नियत समय में न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी। इस मुनादी कार्रवाई के दौरान उ.नि. अनीश कुमार सिंह, उ.नि. रविकान्त निगम (चौकी प्रभारी होम्योपैथिक), उ.नि. अनुराग सिंह और उ.नि. विकास राय समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध कर कानून से भागने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।















