- 25 अतिक्रमणकारियों को तीन दिन में अतिक्रमण हटाने के निर्देश
राजपुर कानपुर देहात। राजपुर में मुगल मार्ग पर अवैध अतिक्रमण को लेकर नगर पंचायत ने सख्त रुख अपनाया है। नगर पंचायत ने 25 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया है। राजपुर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी (ईओ) नीति त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार को ये नोटिस जारी किए गए हैं। तय समय सीमा के भीतर अतिक्रमण न हटाने पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुगल सड़क के किनारे टीन शेड, ठेली, रेहड़ी और पटरी लगाकर अवैध अतिक्रमण किया गया है। ईओ ने निर्देश दिए हैं कि मुगल सड़क के मध्य से 35 फीट तक का अतिक्रमण हर हाल में स्वयं हटा लिया जाए। ऐसा न करने पर नगर पंचायत द्वारा अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया जाएगा। इसमें आने वाला खर्च संबंधित अतिक्रमणकारियों की चल एवं अचल संपत्ति से वसूल किया जाएगा। इसके लिए दुकानदार स्वयं जिम्मेदार होंगे।















