-जिला बंधु की पहल पर उद्यमी के स्टाम्प धनराशि 5 लाख रुपये कराए वापस
फतेहपुर । जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल से संबंधित आवेदनों का निस्तारण ससमय कराने के निर्देश दिए और कहा कि कोई भी प्रकरण डिफॉल्टर न होने पाए। बैठक में उद्यमी के कोर्ट फीस के स्टाम्प धनराशि 5 लाख रुपये वापस कराए गए, जिस पर उपस्थित उद्यमियों ने आभार व्यक्त किया। विद्युत विभाग द्वारा मलवा औद्योगिक क्षेत्र में स्विच गियर और वीसीबी बदलने का कार्य पूरा किया गया। जनपद में प्रस्तावित सीबीजी प्लांट एलएनजी पेट्रोनेट समेत 3 अन्य इकाइयों को पक्का पहुंच मार्ग उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया। मुख्य विकास अधिकारी ने अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्र चौड़गरा में 132 केवीए सब विद्युत स्टेशन बनाने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बैठक में राइस मिलर्स के पीसीएफ, यूपीएसएस, पीसीयू, कृषि उत्पादन मंडी परिषद के विभिन्न मदों के भुगतान लंबित होने के संबंध में संबंधित को भुगतान कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में उद्योग स्थापित करने के लिए जो एमओयू किए गए हैं, उनमें औद्योगिक संस्थानों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस नवसीन, उपजिलाधिकारी खागा, जिला उद्यान अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, ईओ सदर, उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अभियंता विद्युत, उद्यमी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।















