सुमेरपुर(हमीरपुर)- सुमेरपुर कस्बे में रसोई गैस आपूर्ति व्यवस्था अब सामान्य हो गई है। गैस एजेंसी की गाड़ियां बस्तियों में पहुंचकर उपभोक्ताओं को डोर-टू-डोर सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं, जिससे लोगों को काफी राहत मिल रही है। जानकारी के अनुसार, फिलहाल कस्बे में गैस संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के लगभग 25 दिनों के भीतर आसानी से सिलेंडर मिल रहा है। पहले की तरह अब फिर से एजेंसी की गाड़ियां घर-घर जाकर सिलेंडर वितरण कर रही हैं। गैस एजेंसी संचालक पंकज पालीवाल ने बताया कि आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और सभी उपभोक्ताओं को बुकिंग के आधार पर ओटीपी सत्यापन के बाद ही सिलेंडर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कस्बे में गैस की कोई कमी नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि डोर-टू-डोर सुविधा बहाल होने से उन्हें लाइन में लगने या एजेंसी तक जाने की परेशानी से राहत मिली है।















